रतिया, 24 अक्टूबर- उपमंडलाधीश सुरेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को रतिया क्षेत्र में अनाज मंडियों व विभिन्न राइस मिलों का का निरिक्षण किया और संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने रतिया अनाज मंडी, ढाणी दादूपुर और लाली गांव में मंडियों का दौरा किया और मार्केट कमेटी सचिव व संबंधित अधिकारियों से धान खरीद प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि धान के सीजन में उपमंडल रतिया क्षेत्र में सभी मंडियों में फसल खरीद का कार्य सुचारु रुप से चल रहा है। मंडियों में व्यापारियों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। इसके साथ ही एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने मार्केट कमेटी अधिकारियों से खरीद कार्य, उठान कार्य के बारे में बातचीत की।
उन्होंने खरीद व उठान से संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि फसल बिक्री में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए और मंडियो में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी उचित प्रबंध होना चाहिए। इस दौरान एसडीएम ने मंडी में धान खरीद कार्य की पूरी प्रक्रिया को देखा और चैक किया और इस बारे में अधिकारियों से फीडबैक भी लिया। इसके अलावा मंडियों के गेट पास से लेकर तमाम खरीद कार्य के बारे में विस्तृत रिपोर्ट हासिल की।
उन्होंने सभी किसानों से भी अपील कि है की वे फसलों की कटाई के बाद खेतों में पराली या अन्य फसल अवशेष न जलाएं, बल्कि आधुनिक कृषि यंत्रों से उसका उचित प्रबंधन करें। इन यंत्रों से किसान फसल अवशेषों को खेत में मिलाकर खाद बना सकते हैं या स्ट्रा बेलर से गांठ बनाकर बेच सकते हैं। सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए 1200 रुपए प्रति एकड़ तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
उपमंडलाधीश सुरेन्द्र सिंह ने किया रतिया क्षेत्र में अनाज मंडियों व राइस मिलों का निरिक्षण
