करनाल,18 मई:- जिले के घरौंडा क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार रात वार्ड-7 के बालीनगर में एक आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खड़े 55 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर उनके चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले घरौंडा और फिर करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
रविवार देर रात घरौंडा के वार्ड-7 स्थित बालीनगर में 55 वर्षीय सोम्मी राम अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बुजुर्ग के चेहरे पर बुरी तरह काट लिया, जिससे उनके माथे और चेहरे पर गहरे घाव हो गए। हमला इतना खतरनाक था कि चेहरे से मांस तक बाहर आ गया और काफी खून बहने लगा।
लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को वहां से भगाया:
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को वहां से भगाया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को तुरंत घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें करनाल के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के बाद अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और डॉक्टरों ने कुछ दिन बेड रेस्ट की सलाह दी है।
डॉक्टरों के अनुसार कुत्ते के काटने वाले घावों पर टांके नहीं लगाए गए, क्योंकि ऐसे मामलों में संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है। वहीं नगरपालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि डॉग शेल्टर का निर्माण अंतिम चरण में है। साथ ही आवारा कुत्तों की नसबंदी का काम भी अगले दो सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा, जिसके लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
