हांसी:– प्रदेश के हालात आज अंधेर नगरी चौपट राजा जैसे हो गए हैं। ना यहां पर पब्लिक की कोई सुनवाई करने वाला है और ना ही कोई पूछने वाला और सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। यह बात जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने हांसी में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि गवर्नमेंट का 509 करोड़ रुपये अधिकारियों ने निकाल कर प्रॉपर्टी और ज्वेलरी खरीद ली और सरकार को पता तक नहीं चला। अब जब मामला सुर्खियों में आया तो इस मामले में कार्रवाई हो रही है। इसी तरह धान घोटाले में सरकार के 30 से ज्यादा ऑफिसर पिछले कुछ माह के अंदर जेल जा चुके हैं। सरकार की शह पर हुआ ये धान घोटाला पांच हज़ार करोड़ से ज्यादा का है और भाजपा नेता इस पर अभी भी चुप्पी साधे बैठे है।
अभी बिजली विभाग में भी तेरह सौ करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है जिसमें सिक्किम की एक प्राइवेट कंपनी को बिना मुख्यमंत्री और बिना बिजली मंत्री की सूचना के ही वहां तेरह सौ करोड़ रुपए की पेमेंट प्राइवेट कंपनी को कर दी गई। प्रदेश में चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है और अफसर बेलगाम हैं।
हांसी के बारे में बोलते हुए चौटाला ने कहा कि हांसी में अपराध चरम पर है और यह हरियाणा की क्राइम कैपिटल बन गई है। यहां पर हर दूसरे दिन अपराध हो रहे हैं। कभी धमकी दी जा रही है, कभी फिरौती मांगी जा रही है, कभी हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हांसी के आसपास के गांव में आज बारिश के 5 महीने बाद भी पूरी तरह से पानी नहीं निकाला गया है यह सरकार का फेलियर है।
जो सरकार खेतों का पानी नहीं निकाल पाई वो विकास क्या करेगी। हांसी से बरवाला रोड पर के ऊपर पिछले 6 महीने ट्रैफिक बंद रहा है। यह सरकार को उसके विकास का आइना दिखा रहा है। जो सरकार एक सडक़ नहीं बना सकती उसके लिए विकास के दावे करना बेमानी है।
उन्होंने कहा कि जब दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम थे तो हांसी के विकास के लिए उन्होंने बहुत काम किए। हांसी-भिवानी जो फोर लेन आज चालू है ये दुष्यंत चौटाला ने अप्रूव किया था। हांसी में उन्होंने नया रेस्ट हाउस बनवाया। हांसी उमरा रोड पर आरओबी बनवाया, हांसी तोशाम रोड पर आरओबी बनाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि तितरम मोड से हांसी तक फोरलेन वाया नारनौंद, जींद, नगूरा दुष्यंत चौटाला ने मंजूर किया था लेकिन भाजपा ने वो रद्द कर दिया।
उन्होंने राशन कार्ड घोटाला के ऊपर बोलते हुए कहा कि भाजपा ने वोट लेने से पहले हर आदमी के राशन कार्ड बीपीएल बना दिए। वोट लेने के बाद दस लाख से ज्यादा राशन कार्ड काट दिए। यह भी एक घोटाला है वोट लेने के लिए भाजपा ने लोगों को बरगलाया और वोट लेने के बाद उनके राशन कार्ड काट दिए।
युवा प्रदेश अध्यक्ष ने लाडो लक्ष्मी योजना के ऊपर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने कहा था कि हर महिला को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये दिए जाएंगे लेकिन अब तरह-तरह की कंडीशन लगाकर लगभग सवा करोड़ महिलाओं में से केवल 10 लाख महिलाओं को ही इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। इन लोगों ने प्रदेश की महिलाओं के साथ भी विश्वासघात किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की टिकट बेचने की सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। अब कांग्रेस की एक महिला नेत्री ने और उसके पति ने ही खुलेआम कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर टिकटें बेचने का आरोप लगाया है।
उन्होंने गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार अपनी नामाकामियों का बोझ जनता पर लाद रही है। गैस को लेकर संकट का पता पहले से था तो सरकार को इसके इंतजाम करने चाहिए थे। अब कमर्शिलय सिलेंडर मिल नहीं पा रहा जिससे 50 प्रतिशत होटल बंद हो गए हैं और बेरोजगार हो गए हैं। आने वाले कुछ दिनों में गैस की किल्लत और बढ़ेगी और हालात और बुरे हालात होने वाले हैं जिसके लिए पूरी तरह से भाजपा सरकार जिम्मेवार है।
आगामी 13 मार्च को डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिवस पर हांसी में आयोजित जननायक जनता पार्टी की रैली के बारे में उन्होंने बताया कि इस रैली में लाखों लोग शिरकत करेंगे। इसके लिए काफी बड़ा पंडाल लगाया गया है। तीन स्टेज बनाई गई है। रैली में डॉ. अजय सिंह चौटाला के साथ रहने वाले उनके सभी दोस्त और सहपाठियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसी तरह 65000 लड्डू बनाए गए हैं जिनसे रैली में आने वाले हर व्यक्ति का मुंह मीठा करवाया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में जिला प्रधान अमित बूरा, प्रो. रणधीर चिक्का, करण सिंह देपल, अमित जैन, राजेंद्र सोरखी, अजीत ओडीएम,शमशेर मुंढाल, सुरेंद्र फौजी, बाली भाटोल, तरूण गोयल, आजाद ढांडा, सोमबीर, अजमेर सरपंच मुंढाल आदि भी उपस्थित रहे।
