हरोली/ऊना, 25 मई (राजवीर चोपड़ा):- स्वस्थ खंड हरोली एवं सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम हरोली के संयुक्त तत्वावधान में आज प्री-कन्सेप्शन महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर हरोली के निर्देशानुसार विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांचें एवं परामर्श प्रदान किए गए।
आज आयोजित शिविरों में कुल 79 ओपीडी दर्ज की गईं तथा महिलाओं के CBC, RBS, HbA1C, VDRL, TSH सहित अन्य आवश्यक रक्त जांचें निःशुल्क की गईं। शिविरों का उद्देश्य गर्भधारण से पूर्व महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
यह शिविर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कुठारबीत, पुबोवाल, नंगल कलां, रोड़ा बालीवाल तथा धरमपुर में आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य टीम द्वारा महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम हरोली के डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना टीम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि टीम लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रही है ताकि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज एवं जांच के लिए दूर न जाना पड़े।
उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार मिल सके।
स्वस्थ खंड हरोली एवं सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम द्वारा प्रीकन्सेप्शन महिलाओं हेतु विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
