हांसी, 16 सितंबर:- हांसी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर परिषद की टीमों द्वारा वार्ड नंबर 1, 5, 16, 19 व 24 में विशेष सफाई अभियान चलाकर विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई।
डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने गलियों, सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे तथा अन्य चिन्हित स्थानों से कूड़ा-कचरा हटाया। अभियान के तहत ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां नियमित सफाई के बावजूद अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता थी। सफाई टीमों ने कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया।
डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से जहां शहर की सुंदरता बढ़ती है, वहीं नागरिकों को भी बेहतर एवं स्वस्थ वातावरण मिलता है। उन्होंने अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य में निरंतरता बनाए रखने तथा चिन्हित स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे को खुले में न डालें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने तथा स्वच्छता अभियान में नगर परिषद की टीमों का सहयोग करने की अपील की।
