करनाल 27 फरवरी:- नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित म्यूनिसिपलिका 2026- सुरक्षित, स्मार्ट और टिकाऊ समाधानों पर 18वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन कार्यक्रम में नगर निगम करनाल द्वारा शहर की स्वच्छता तथा समग्र एवं सतत विकास पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी का अवलोकन देश-विदेश से आए नीति निर्माताओं, शहरी विकास विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने किया तथा नगर निगम द्वारा शहरी स्वच्छता को लेकर किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की।
नगर निगम आयुक्त डॉ वैशाली शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में विशेष रूप से यह दर्शाया गया कि करनाल को एक स्मार्ट, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने हेतु नगर निगम बहुआयामी स्तर पर कार्य कर रहा है। इसमें स्वच्छता प्रबंधन एवं ठोस कचरा प्रबंधन की उन्नत प्रणाली, जल प्रबंधन एवं संरक्षण के प्रभावी उपाय, हरियाली विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल, सड़कों व अन्य आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ विकास, डिजिटल सेवाओं एवं ई-गवर्नेंस का विस्तार तथा स्मार्ट पब्लिक यूटिलिटीज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रदर्शित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी करनाल के तेज़ी से विकसित होते स्वरूप तथा स्मार्ट सिटी अवधारणा को साकार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित, तकनीक-सक्षम एवं पर्यावरण-अनुकूल शहरी वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि म्युनिसिपलिका 2026 जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर करनाल की उपलब्धियों एवं योजनाओं को प्रस्तुत करना नगर निगम के लिए गौरव का विषय है और इससे भविष्य में नवीन तकनीकों एवं साझेदारियों के अवसर भी सुदृढ़ होंगे।
इस मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा, सहायक मनोज मान, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, ट्रिगर मास्टर गुरदेव सिंह, आई टी प्रबन्धक हर्ष कुमार व स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम मौजूद रही।
स्मार्ट विज़न सुपर मिशनकरनाल ऑन टॉप अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बढ़ा करनाल का गौरव
