रतिया, 3 जून:- क्षेत्र के लोगों को सस्ती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल हॉस्पिटल ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब अस्पताल में जयपुर के प्रतिष्ठित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के वरिष्ठ एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. एल.सी. यादव आज से प्रतिदिन अपनी सेवाएं देंगे। इससे मरीजों को बड़े शहरों में जाने की बजाय स्थानीय स्तर पर ही अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह और उपचार का लाभ मिल सकेगा।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद बंसल ने बताया कि डॉ. एल.सी. यादव ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी है तथा वह अब अस्पताल में नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगे। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल हॉस्पिटल का उद्देश्य आमजन को न्यूनतम खर्च पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी सोच के तहत अब एसएमएस जयपुर जैसे देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञ की सेवाएं रतिया में उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि डॉ. यादव मेडिसिन क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ हैं तथा हृदय रोग, मधुमेह, थायराइड, सभी प्रकार के बुखार, जहर से संबंधित मामलों, लकवा, काला पीलिया तथा मस्तिष्क संबंधी बीमारियों के उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं। इसके अतिरिक्त गंभीर इमरजेंसी और ट्रॉमा मामलों को संभालने में भी उनकी विशेष दक्षता है।
प्रमोद बंसल ने कहा कि अस्पताल लगातार प्रयास कर रहा है कि रतिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों जैसी चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों। डॉ. एल.सी. यादव की सेवाएं शुरू होने से मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि बड़ी नहर के पास स्थित महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल हॉस्पिटल में आमजन के हित को ध्यान में रखते हुए किफायती दरों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
रतिया के महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल हॉस्पिटल में जयपुर के प्रसिद्ध एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू
