टाहलीवाल/ऊना, 1 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल में सेवा पखवाड़ा के तहत स्कूली बच्चों द्वारा स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पंचायत टाहलीवाल व मेरा युवा भारत ऊना, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय द्वारा बच्चों को स्वच्छता की टोपियां व अन्य सामान दिया गया। यह रैली नगर पंचायत कार्यालय से होकर बाजार के बीच से जाकर वापस नगर पंचायत कार्यालय में ही रैली का समापन हुआ। इस रैली के माध्यम से बच्चों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया।

स्कूली बच्चों ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में रैली निकाली और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया। बच्चों ने “स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं” तथा “स्वच्छ टाहलीवाल, सुंदर टाहलीवाल” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता फैलाई।

इस अवसर पर नगर पंचायत टाहलीवाल अध्यक्ष निरंजना कुमारी की ओर से बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों द्वारा दिया गया स्वच्छता का संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

नगर पंचायत टाहलीवाल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालें, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। केंद्र सरकार की ओर से युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत ऊना की ओर से स्कूली बच्चों को टी-शर्ट व टोपियां भी दी गईं। इस अवसर पर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राज कुमार मल्ली, पार्षद डिम्पल, पार्षद अजय सहगल, नगर पंचायत के सचिव विजय कुमार, राधा मैडम, आकाश धीमान, विशाल कुमार, चरणजीत कौर, सहगल फाउंडेशन से पवन कुमार, अंकुश, गुरप्रीत सिंह वहीं अध्यापकों में साधना रानी व जोगिंदर पाल सहित अन्य भी मौजूद थे।