संतोषगढ़/ऊना, 16 अप्रैल (नवीन महे):- संतोषगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति निगम, जिला ऊना द्वारा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला प्रबंधक नीलम कुमारी, लेखाकार सविता ठाकुर तथा क्षेत्रीय सहायक बलविंदर कुमार मिंटा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए निगम द्वारा संचालित योजनाओं—जैसे कम ब्याज दर पर ऋण योजना, स्वरोजगार प्रोत्साहन योजना, शिक्षा ऋण योजना तथा लघु उद्योग ऋण योजना—की विशेषताओं और लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को कम ब्याज दर पर ऋण, आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा तथा स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
अधिकारियों ने लोगों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने योजनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
अंबेडकर जयंती पर एससीएसटी निगम ने दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
