हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के नेतृत्व में जिला हांसी पुलिस द्वारा "नशा मुक्त हांसी" अभियान के तहत लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों को अपनाते हैं तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र का नाम भी रोशन करते हैं। नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि जीवन को बर्बाद करने का रास्ता है।
उन्होंने बताया कि जिला हांसी पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा लगातार स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, शिक्षण संस्थानों, गांवों और शहरों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, साइबर माध्यम से होने वाली नशे की तस्करी, कानूनी प्रावधानों तथा नशा छोड़ने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, उनकी दिनचर्या और मित्र मंडली पर ध्यान दें तथा उन्हें खेल, शिक्षा, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़ने के लिए प्रेरित करें। स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रख सकता है।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि यदि कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त, तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत जिला हांसी पुलिस या डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि "नशा मुक्त हांसी" केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का संकल्प है। जब परिवार, विद्यालय, समाज और पुलिस मिलकर कार्य करेंगे, तभी हम अपनी युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर एक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य दे सकेंगे।
नशे को कहें ना खेल और शिक्षा को बनाएं अपनी पहचान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
