संतोखगढ़/ऊना, 22 जुलाई (राजवीर चोपड़ा): नगर परिषद संतोखगढ़ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंजना चब्बा एवं उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय ऊना में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें एसडीएम अभिषेक मित्तल ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत अध्यक्ष अंजना चब्बा एवं उपाध्यक्ष संदीप कुमार का नगरवासियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ, मालाएं एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद दोनों पदाधिकारियों ने नगर परिषद संतोखगढ़ कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार संभाला। समारोह में उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि अध्यक्ष अंजना चब्बा एवं उपाध्यक्ष संदीप कुमार के नेतृत्व में नगर परिषद संतोखगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा भी जताई।
अपने संबोधन में अध्यक्ष अंजना चब्बा एवं उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के नगर के समग्र विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने नगरवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील भी की।
इस अवसर पर भाजपा शहरी इकाई के अध्यक्ष राजेश प्रभाकर, वार्ड-1 की पार्षद अंजू वाला, वार्ड-3 की पार्षद चरणजीत कौर, वार्ड-4 के पार्षद इकबाल सिंह, वार्ड-6 की पार्षद कुसुम लता, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष रजनीश चब्बा, पूर्व पार्षद संतोख सिंह, किरण देवी, रचना देवी, हर्ष चब्बा, बलराम चब्बा, नानक चंद, देवी लाल, बुद्ध राम, राकेश शर्मा, सतपाल पटियाल, मास्टर कश्मीरी लाल, कैलाश सैनी, संदीप सैनी, दिनेश सैनी, मूलराज, राजिंदर, सुदर्शन पुरी, राम कुमार, पप्पू, बलवीर सिंह, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्ष गुप्ता, सैनिटरी इंस्पेक्टर आशुतोष शर्मा, जसविंदर सिंह, बलजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, रुचि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, व्यापारी, युवा एवं नगरवासी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति से पूरा समारोह उत्साहपूर्ण और यादगार बन गया।