हरियाणा/पंचकूला, 15 सितंबर:- जननायक जनता पार्टी पंचकूला के जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि सब्जी, फल एवं खाने-पीने की चीजों के लगातार बढ़ते दामों ने आम एवं गरीब आदमी की रसोई एवं जीभ का स्वाद बिगाड़ कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जहां चीनी की अचानक बढ़ी कीमत ने लोगों की चाय का स्वाद कड़वा किया था वहीं अब प्याज 70 रुपये प्रति किलो, टमाटर 60 रुपये प्रति किलो, अदरक 160 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। इसी तरह लहसून, आलू एवं अन्य सीजनल सब्जियों के बढ़ते दामों तथा आम, सेब, अमरूद, केला, संतरा व अन्य फलों की ऊंची कीमत ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सब्जियों एवं फलों को पैदा करने वाले किसान तथा इनका उपयोग करने वाले उपभोक्ता ही सबसे ज्यादा घाटे में रहते हैं। जो किसान सब्जी/फल पैदा करते हैं उनको बहुत कम दाम मिलते हैं तथा जो लोग इनका उपयोग करते हैं उनको बहुत महंगे दाम चुकाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि केवल बिचौलिये आधे से ज्यादा कीमत का फायदा उठाते हैं तथा मौज में रहते हैं।
ओ पी सिहाग ने कहा पूरे देश एवं प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, लोगों का काम धंधा मंदा है, आमदनी लगातार घट रही पर महंगाई सुरसा के मुंह की तरह लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा जहां पिछले दिनों पेट्रोल, डीज़ल एवं गैस के बढ़े दामों ने आम आदमी की जेब पर डाका डाला था वहीं अब खाने-पीने की चीजों के बढ़े रेट से उनकी जेब ढीली होती जा रही है। ओ पी सिहाग ने कहा कि एक रिपोर्ट के मुताबिक देश की रीटेल महंगाई दर अगस्त में बढ़कर 4.82% हो गई है जो जुलाई में 4.45% थी। सिहाग ने कहा कि पिछले साल नवंबर में महंगाई दर 0.71% थी जो अब तक 7 गुना बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा मतलब है कि सब्जी, किराना समेत आम आदमी की जरूरत का हर सामान महंगा बिक रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ें बताते हैं कि अगस्त में ग्रामीण क्षेत्रों में रीटेल महंगाई दर 5.23% रही, जो जुलाई में 4.84% थी। इस रिपोर्ट अनुसार शहरी इलाक़ों में यह जुलाई के 3.96% से बढ़कर 4.31% पर पहुंच गई।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि खाद्यान्नों की महंगाई पिछले 4 सालों में सर्वोच्च स्तर पर है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ थोक महंगाई दर भी अगस्त में बढ़ कर 9.92% हो गई है जिसकी वजह से न केवल खाने-पीने की चीजें महंगी बनी हुई हैं बल्कि उद्योगों में उत्पादन का खर्च भी बढ़ता जा रहा है। जजपा ज़िला अध्यक्ष सिहाग ने प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वो अपनी जिम्मेदारी को समझे तथा आम आदमी के हितों को ध्यान रखते हुए खाने-पीने की चीजों के बढ़ रहे दामों पर अंकुश लगाने का काम करे। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि वो मध्यम वर्ग एवं गरीब लोगों के धैर्य का इम्तिहान न ले अगर इन्होंने बेरोजगारी एवं लगातार बढ़ती महंगाई से तंग आकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद करनी शुरू कर दी तो उनको अपनी गद्दी से हाथ धोना पड़ सकता है।