रतिया,15 जुलाई :- रतिया मोबाइल एसोसिएशन ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए करीब एक लाख रुपये कीमत का खोया हुआ एप्पल आईफोन उसके असली मालिक तक पहुंचाकर मिसाल कायम की है। एसोसिएशन के इस कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार गांव तामसपुरा के नंबरदार हैप्पी सिंह का आईफोन कुछ दिन पहले भगत सिंह चौक के पास जीप में चढ़ते समय गिर गया था। मोबाइल एक व्यक्ति को मिला,जिसने उसे बेचने के लिए सुरेश वॉच कंपनी एंड मोबाइल सेंटर के संचालक सुरेश कुमार से संपर्क किया।
सुरेश कुमार को संदेह होने पर उन्होंने तुरंत इसकी सूचना एसोसिएशन प्रधान रमन बलाना को दी। इसके बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने व्हाट्सएप समूहों व सोशल मीडिया के माध्यम से मोबाइल के मालिक की तलाश शुरू की। 4-5 दिन की पड़ताल के बाद पता चला कि फोन हैप्पी सिंह का है।
बुधवार को प्रधान रमन बलाना,सुरेश कुमार,गोल्डी मैहता,वरुण चिल्लाना,साहिल जसूजा,विक्की कक्कड़ व अन्य सदस्यों ने हैप्पी सिंह को बुलाकर उनका आईफोन उन्हें सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर हैप्पी सिंह ने एसोसिएशन और सुरेश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी दुर्लभ है।
प्रधान रमन बलाना ने कहा कि एसोसिएशन केवल व्यापार तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करती है। भविष्य में भी एसोसिएशन जनहित के कार्य करती रहेगी।