हांसी:- रविवार को सीसाय गांव स्थित अखिल भारतीय काली रामन खाप भवन परिसर में अखिल भारतीय काली रामन खाप का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। खाप प्रधान कर्मवीर सिंह ने मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला को पगड़ी पहनाकर खाप की ओर से सम्मानित किया।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने  अपने संबोधन में कहा कि समाज के उत्थान में खापों का हमेशा से ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है। खापों ने समय-समय पर अनेक प्रेरणादायक कार्य कर समाज को सही दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में बुजुर्गों को अपने जीवन के अनुभव बच्चों के साथ अवश्य साझा करने चाहिए, ताकि समाज में फैली कुरीतियों का अंत हो सके। जब बच्चे बचपन से ही सही और गलत की पहचान करना सीखेंगे, तभी एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
सांसद ने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान बनाना भी अत्यंत आवश्यक है। बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा और अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ हमारी समृद्ध परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन भी होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सीसाय गांव में गेट निर्माण के लिए 11 लाख रूपए की राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि खापें सामाजिक एकता, भाईचारे और परंपराओं की सशक्त संवाहक रही हैं। उन्होंने कहा कि खापों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, संस्कार और समानता पर आधारित सोच को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष हिसार आशा खेदड़, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू डाटा, मार्केट कमेटी हिसार के अध्यक्ष रविंद्र रॉकी, खाप महासचिव उमेद सिंह, सुशील खरब, सुरेंद्र आर्य, तेलु राम, वीरेंद्र संडवा , कैप्टन सूबे सिंह, कुक्कन लोहान, सज्जन सिंह, बलवंत, भीम सिंह डाटा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक एकता, शिक्षा और संस्कारों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।