होशियारपुर- लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने आज विधानसभा में पेश किए गए पंजाब बजट-2025 को राज्य की तरक्की में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार का बजट जन-हितैषी, किसानों, उद्योगों और राज्य के समग्र विकास को समर्पित है। सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विजन की प्रशंसा करते हुए रंगला पंजाब विकास योजना को बड़ा कदम बताया और कहा कि इससे राज्य के हर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा। 
उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से चलाई जाने वाली इस योजना के तहत 13937 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा अनुसूचित जाति भूमि विकास एवं वित्त निगम से लिए गए ऋणों के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए 31 मार्च 2020 तक लिए गए सभी ऋणों को माफ करने का ऐलान एक ऐतिहासिक फैसला है, जिससे 4650 लोगों को लाभ मिलेगा। लोकसभा सदस्य ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा अनुसूचित जाति उप-योजना के लिए 13937 करोड़ रुपए रखने का फैसला, जो कुल बजट का 34 प्रतिशत है, बेहद सराहनीय है। 
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दलित वर्गों के विकास के लिए 150 करोड़ रुपए रखने से इन वर्गों के सर्वपक्षीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि कृषि एवं कृषि कल्याण के क्षेत्र में पिछले वर्ष के मुकाबले बजट में 5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 14524 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। 
उन्होंने कहा कि पंजाब के 65 लाख परिवारों को राज्य स्वास्थ्य बीमा योजना में शामिल करना एक सराहनीय निर्णय है, जिसके तहत ग्रामीण या शहरी, अमीर या गरीब हर कोई इस योजना का लाभ उठा सकेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी परिवारों के लिए बीमा कवर को सालाना 10 लाख रुपये तक बढ़ाना भी एक बहुत बड़ा लोक हितैषी निर्णय है, जिसमें केंद्र सरकार की योजना के तहत आने वाले लोग भी शामिल हैं और उन्हें पंजाब सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलेगा। 
सांसद ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सभी परिवारों को दिए गए स्वास्थ्य कार्ड से वे राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करवा सकेंगे, जो लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह समृद्ध बजट आत्मनिर्भर पंजाब की नींव को और मजबूत करेगा।