हरोली/ऊना, 21 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र में जल संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को बीटन गांव में 2.03 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वर्षा जल संग्रहण जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस परियोजना को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रगति और प्रकृति साथ-साथ बढ़ें” की सोच के साथ हरोली में जल संरक्षण को जनांदोलन का रूप दिया जा रहा है। वर्षा जल संग्रहण को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक स्तर पर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने पूबोवाल में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बने तालाब का उदाहरण देते हुए इसे एक सफल मॉडल बताया। इसके अतिरिक्त गोन्दपुर जयचंद, दुलैहड़, हिरां थड़ा सहित कई क्षेत्रों में तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य तेज़ी से जारी हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से प्राचीन टोबे-तालाबों का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। इन जल स्रोतों को आधुनिक, आकर्षक और बहुउद्देशीय सरोवरों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण होने के साथ भविष्य की जल सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ये टोबे वर्षा जल संग्रहण, पशुओं के पेयजल और सिंचाई का मुख्य आधार हुआ करते थे, लेकिन उपेक्षा के कारण इनका महत्व घट गया था। अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से इन्हें पुनर्जीवित किया जा रहा है। तालाबों के आसपास हरियाली, पैदल पथ और सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवेश को नया आकर्षण मिल रहा है और भूजल स्तर को संतुलित करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हरोली का यह प्रयास विकास, विरासत और भविष्य के संतुलन का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है, जहां आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण की मजबूत नींव रखी जा रही है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
