करनाल, 23 जनवरी:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केरल राज्य के तिरूवनंतपुरम से पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लाँच किया और योजना के तहत 1 लाख लाभार्थियों को ऋण वितरण किए जाने की शुरूआत की। यह कार्यक्रम देशभर में लाईव चला। इसके तहत नगर निगम कार्यालय के सभागार में महापौर रेनू बाला गुप्ता की अध्यक्षता में पीएम स्वनिधि ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम रखा गया और 20 लाभार्थी स्ट्रीट वैंडरों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
               महापौर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री की इस पहल से स्ट्रीट वेंडरों के लिए वित्तीय पहुंच में ओर सुधार होगा। डिजिटल लेनदेन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 50,000 रुपये का बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध करवाया होगा, जिससे वह अपने कार्य को  बढ़ाकर अच्छी आमदनी अर्जित कर सकेंगे।
               उन्होंने बताया कि जो स्ट्रीट वेंडर दूसरी किस्त अदा कर देता है, वह पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए योग्य हो जाता है। इसके तहत करनाल जिला में विभिन्न बैंको के माध्यम से सभी योग्य स्ट्रीट वेंडरों को क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे। इन क्रेडिट कार्ड की लिमिट 30 हजार रुपये होगी। उन्होंने कहा कि अब अमीर लोगों के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर भी क्रेडिट कार्ड का प्रयोग कर सकेंगे।
              उप निगम आयुक्त अभय सिंह ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये, 20 हजार तथा 50 हजार रुपये की किस्त जारी की जाती थी। सितंबर 2025 से संशोधित योजना के अनुसार पहली किस्त 15 हजार रुपये, दूसरी किस्त 25 हजार तथा तीसरी किस्त 50 हजार रुपये की जारी की जा रही है। उन्होंने जानकारी देते बताया कि अब तक करनाल जिला के 12215 स्ट्रीट वेंडरों को पहली किस्त, 4033 को दूसरी तथा 1175 स्ट्रीट वेंडरों को तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है।  
              कार्यक्रम में उप निगम आयुक्त अभय सिंह, एल.डी.एम. सुशील कुमार हंदुजा, वार्ड 8 के पार्षद संकल्प भंडारी, वार्ड 20 के पार्षद सुधीर यादव, मनोनीत पार्षद विशेष वर्मा, विभिन्न बैंको के प्रतिनिधि, सीपीओ शाखा से संजय शर्मा व रावत शर्मा तथा नगर निगम स्टाफ मौजूद रहा।