कपूरथला:- वर्तमान दौर में विज्ञान और इंजीनियरिंग के कारण मनुष्य सुखवादी होता जा रहा है, लेकिन सुख-सुविधाओं के लिए बनाई गई मशीनरी ही कई बार जानलेवा साबित हो रही है। यह शब्द सृजना केंद्र कपूरथला और अक्षर मंच पंजाब के संरक्षक प्रोफेसर कुलवंत सिंह औजला ने विश्व प्रसिद्ध शायर और समाज सेवी कंवर इकबाल सिंह के लिफ्ट हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहे। कंवर इकबाल सिंह तीसरी मंजिल से बेसमेंट तक लगभग 60 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण घायल हुए हैं।
कंवर इकबाल सिंह जहां 40 वर्षों से सृजना केंद्र कपूरथला के अध्यक्ष के रूप में सेवा दे रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता होने के नाते वे जिला ट्रेडर्स कमीशन (आबकारी एवं कराधान विभाग) के चेयरमैन हैं और पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के राज्य गवर्निंग बॉडी सदस्य के रूप में भी कार्यरत हैं।
विद्वान डॉ. आसा सिंह घुम्मण ने कहा कि नवां पिंड भट्टा के पास रतन सुपर स्टोर में लगी लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारण ग्लोबल लिफ्ट कंपनी की कार्यशैली शक के घेरे में है। कंपनी द्वारा लगाई गई लिफ्ट की गुणवत्ता की हर पहलू से जांच करवाई जाएगी कि कहीं घटिया या डुप्लीकेट सामग्री के कारण तो यह लिफ्ट 60 फीट नीचे बेसमेंट में नहीं गिर गई!
उल्लेखनीय है कि इस हादसे में कंवर इकबाल सिंह का कूल्हा टूट गया और अन्य 4 व्यक्तियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनका जालंधर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। लोक साहित्य कला केंद्र और इप्टा पंजाब के प्रधानों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस कंपनी ने एक साल पहले ही लिफ्ट की गारंटी ली थी, उससे पीड़ितों के इलाज का खर्च और मुआवजा दिलाया जाए। सुल्तानपुर लोधी की साहित्य सभा सहित अन्य संस्थाओं ने भी उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की और मांग की कि अन्य सभी निजी और प्रशासनिक इमारतों में लगी लिफ्टों की भी जांच करवाई जाए। सृजना केंद्र के डॉ. गुरबख्श भंडाल, चन्न मोमी, प्रिंसिपल प्रमिला अरोड़ा सहित अनेक साहित्यकारों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
अंतर्राष्ट्रीय कवि कंवर इकबाल सिंह का लिफ्ट दुर्घटना में कूल्हा टूटा राजनीतिक और साहित्यिक हलकों द्वारा ग्लोबल लिफ्ट कंपनी की भरपूर निंदा
