रतिया, 14 अप्रैल:- राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और गरीब, किसान, युवा, महिला तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने यह बात गांव रत्ताखेड़ा में भाजपा में शामिल हुए युवा नेता सुभाष खिलेरी के निवास पर आयोजित कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
सांसद बराला यहां खिलेरी निवास पर आयोजित जलवा पूजन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। गांव में पहुंचने पर सुभाष खिलेरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और चेयरमैन वेद फुलां का पुष्प गुच्छ भेंट कर और जोरदार नारेबाजी के साथ स्वागत किया। सांसद ने सुभाष खिलेरी के भाजपा में आने पर खुशी जाहिर करते हुए उनका स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि पार्टी में मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं को हमेशा पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
संबोधन के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बीते वर्षों में अंत्योदय की भावना से काम करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोडऩे का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत की धाक पूरी दुनिया में जम रही है।
वहीं, हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार पर चर्चा करते हुए बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘बिना पर्ची और बिना खर्ची’ के युवाओं को रोजगार दे रही है और पारदर्शी शासन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज सीधा पात्र व्यक्तियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।
सांसद बराला ने सुभाष खिलेरी की पीठ थपथपाते हुए उनकी ऊर्जा की प्रशंसा की और उनसे आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया। इस अवसर पर काफी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी की नीतियों से बदला देशप्रदेश का स्वरूप राज्यसभा सांसद सुभाष बराला
