चंडीगढ़, 06 सितंबर, 2026: स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़, कल सोमवार, 7 सितंबर, 2026 को अपना 63वां संस्थान स्थापना दिवस मनाएगा। यह समारोह पीजीआईएमईआर के नाइन (NINE) ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा कि 63 वर्षों से यह संस्थान सेवा, बेहतर रोगी देखभाल और उत्कृष्ट शिक्षा का प्रतीक रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान की वास्तविक ताकत इसके संकाय, स्टाफ, छात्र और पूर्व छात्र हैं, जिनकी प्रतिबद्धता ने इसे एक जीवंत विरासत बनाया है।
स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण संस्थान के उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित करने वाला पुरस्कार समारोह होगा, जिन्होंने अपनी समर्पित सेवाओं से संस्थान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अनुसंधान में संस्थान की भूमिका और भविष्य के संकल्पों को दोहराने का अवसर प्रदान करेगा।