हिसार:–संयुक्त कार्यालय परिसर में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम में उपमंडल स्तर पर पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, डिमार्केशन पोर्टल, व्हाट्सअप चैटबॉट  तथा राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। 
विधायक विनोद भयाना ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चमत्कारिक नेतृत्व में राज्य सरकार लोगों के जीवन को सरल बनाने के लिए निरंतर जन कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही हैं। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिले से पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, डिमार्केशन पोर्टल,व्हाट्सअप चैटबॉट तथा राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं को शुरू करने का मकसद राजस्व विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं को पूरी तरह से कागज रहित बनाना है ताकि लोगों को सेवाओं का लाभ लेने  के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े। जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए लोगों को तहसील कार्यालय के बार-बार चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी । इन सेवाओं के पूरी तरह से शुरू होने के बाद नागरिक रजिस्ट्री के लिए अपने दस्तावेज अपलोड और सत्यापित करवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को जमीन की  रजिस्ट्री करवाने के लिए केवल मात्र रजिस्ट्री होने वाले दिन मूल कागज लेकर तहसील कार्यालय आना होगा। व्हाट्सएप चैट  के माध्यम से नागरिक फीस भी जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा अगर किसी प्रकार की कोई शिकायत है तो वह भी दर्ज करवाई जा सकती है। 
उन्होंने कहा कि  राजस्व विभाग में यह सेवाएं शुरू होने से एक तरफ जहा लोगों का समय बचेगा वहीं दूसरी ओर कागज की भी कम खपत होगी। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो लोगों को राजस्व विभाग की इन इन सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित करवाए जाएंगे ताकि लोगों को सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वर्चुअल रूप से उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम से भी जुड़े। उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह के साथ उनके संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान, भाजपा नेता राजपाल यादव, राजेश ठकराल,गोल्डी सैनी, तनुज खुराना,भाजपा जिला युवा अध्यक्ष सुखविंदर जाखड़,विनोद, मनजीत जांगड़ा, अशोक ढालिया ,श्याम खाण्डा ,तथा ओमपाल यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।