हांसी:– अग्रवाल वैश्य समाज, हांसी द्वारा श्रावण मास के प्रथम दिवस के अवसर पर सनातन धर्म महिला महाविद्यालय, हांसी के प्रांगण में भारत सरकार के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अग्रवाल वैश्य समाज, हांसी द्वारा विधानसभा अध्यक्ष दीपक मित्तल (पेड़े वाले) की अध्यक्षता में किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपमंडल अधिकारी (ना.) राजेश कोथ ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष प्रकृति का ऐसा अनमोल उपहार हैं, जो स्वयं कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण कर मानव जीवन के लिए आवश्यक प्राणदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दीपक मित्तल ने कहा कि मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक पेड़ों का हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
शहर थाना प्रभारी सदानंद वत्स तथा सदर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सतपाल बंसल (खांडे वाले), सुरेश बंसल (देबू वाले), जिलाध्यक्ष मिथुन बंसल, उपाध्यक्ष अरुण आर्य, सचिव अश्वनी खांडे वाला, सहसचिव प्रवीण सिंगला, संगठन मंत्री गौरव बंसल एवं सचिन जैन, सह-कोषाध्यक्ष मुनीश जैन, युवा प्रधान विशाल मित्तल एडवोकेट, राजेश बंसल मुंढ़ालिया, दीपक मित्तल पंसारी, प्राचार्य सुरेश गुप्ता, प्रो. डॉ. गीता दहिया, एनएसएस की छात्राएं, महाविद्यालय का स्टाफ तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश भी दिया।
श्रावण मास के प्रथम दिवस पर अग्रवाल वैश्य समाज ने किया पौधारोपण एक पेड़ मां के नाम अभियान को मिला समर्थन
