हरोली/ऊना, 19 जून (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसायटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा और स्वस्थ खंड हरोली के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम मानुवाल (ग्राम पंचायत नंगल खुर्द) में निक्षय एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

**98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 92 जांचें और एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध**
शिविर के दौरान कुल 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही 92 लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा विशेषज्ञों द्वारा चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

**टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति किया जागरूक**
शिविर में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत लोगों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

**स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश**
स्वास्थ्य विभाग और सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। शिविर में पहुंचे लोगों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया और उपलब्ध कराई गई सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

**स्वास्थ्य कर्मियों और जनप्रतिनिधियों का सराहनीय सहयोग**
शिविर की सफलता में डॉ. प्रदीप कुमार, सीएचओ वंदना, एसटीएस सतीश कुमार, गुलशन कुमार, निहाल सिंह, मनीष, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम प्रधान जसवंत सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

**ग्रामीणों ने की पहल की सराहना**
ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा और स्वस्थ खंड हरोली की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर-द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

**‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ के संकल्प के साथ समापन**
शिविर के समापन अवसर पर लोगों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को अपनाने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग देने की अपील की गई।