हांसी:– मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवगठित हांसी जिला को सरकार द्वारा एक आधुनिक मॉडल जिला के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को विधानसभा में वित्त मंत्री के तौर पर बजट प्रस्तुत कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में हांसी जिले के समग्र विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। 
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के माध्यम से आश्वस्त किया कि राज्य सरकार नवगठित हांसी जिले के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेगी और इसे हरियाणा के अग्रणी एवं आदर्श जिलों में शामिल किया जाएगा।
विधायक विनोद भयाना ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हांसी को आधुनिक मॉडल जिला बनाने की घोषणा के लिए जिलावासियों की ओर से  हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दूरदर्शी और जनहितकारी निर्णय हांसी जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। विधायक ने विश्वास जताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्रों में तेज गति से विकास कार्य होंगे, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हांसी शीघ्र ही हरियाणा के अग्रणी एवं आदर्श जिलों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
हरियाणा बजट सर्वे हितेषी व विकासोन्मुख : विधायक विनोद भयाना ने आज हरियाणा विधानसभा में प्रस्तुत किए गए राज्य बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुख बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग लोगों ,युवा और महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि इस बजट से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, सिंचाई, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में और तेजी से विकास होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की दूरदर्शी नीतियों और इस संतुलित बजट के माध्यम से हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।