संतोखगढ़/ऊना, 5 जून (राजवीर चोपड़ा):-नगर परिषद संतोखगढ़ के नवनिर्वाचित पार्षदों ने शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पार्षदों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखने, सत्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में वार्ड नंबर 1 से अंजू बाला, वार्ड नंबर 2 से संदीप कुमार, वार्ड नंबर 3 से चरणजीत कौर, वार्ड नंबर 4 से इकबाल सिंह, वार्ड नंबर 5 से रवि कांत बस्सी, वार्ड नंबर 6 से कसम लता, वार्ड नंबर 7 से ज्योति देवी, वार्ड नंबर 8 से समीर गौतम तथा वार्ड नंबर 9 से अंजना चब्बा ने शपथ ग्रहण की।
एसडीएम अभिषेक मित्तल ने नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए नगर परिषद के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक विशेष दृश्य उस समय देखने को मिला जब वार्ड नंबर 5 के पार्षद रवि कांत बस्सी ने शपथ ग्रहण से पूर्व जय भीम, जय भारत का उद्घोष किया। वहीं वार्ड नंबर 7 की पार्षद ज्योति देवी ने अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त करते हुए चप्पल उतारकर शपथ ग्रहण की।
समारोह में उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उनसे क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की उम्मीद जताई।