हरोली/ऊना, 5 जून (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल के नवनिर्वाचित पार्षदों को शुक्रवार को आयोजित एक सादे एवं गरिमामय समारोह में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम विशाल शर्मा ने सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1994 की धारा 27(1) के तहत पार्षदों ने शपथ लेते हुए भारत के संविधान के प्रति श्रद्धा एवं निष्ठा रखने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण भाव से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण करने वालों में वार्ड नंबर 1 से संजीव कुमार, वार्ड नंबर 3 से डिंपल, वार्ड नंबर 4 से राज कुमार मल्ली, वार्ड नंबर 5 से नीलम कुमारी, वार्ड नंबर 6 से अजय कुमार तथा वार्ड नंबर 7 से अनु शामिल रहे।
इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों एवं स्थानीय नागरिकों ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे जनहित में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।