नई दिल्ली:- गुरुवार को संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन संसद भवन के बाहर एनडीए और विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के सांसद आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, एनडीए के सांसदों ने भी विरोध प्रदर्शन किया और दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी होती रही। एनडीए सांसद 21 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
इस दौरान INDIA ब्लॉक के सांसद NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन के बीच प्रियंका गांधी वाड्रा नारेबाजी करते हुए एनडीए सांसदों के काफी करीब पहुंच गईं। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
संसद के भीतर भी हंगामा जारी रहा। लगातार शोर-शराबे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी भारी हंगामा जारी रहा, जिसके चलते सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक स्थगित कर दी गई।