रतिया, 12 जून:- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर नायब तहसीलदार बलवान सिंह अहिलावत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में योग दिवस कार्यक्रमों के सफल आयोजन, व्यापक जनभागीदारी तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नायब तहसीलदार अहिलावत ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
नोडल अधिकारी एएमओ डा. शिक्षा कुमारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उपमंडल स्तर पर अनाज मंडी में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा आमजन भाग लेंगे।
नायब तहसीलदार बलवान सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता एवं अन्य जरूरी प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी जितनी अधिक होगी, योग दिवस का उद्देश्य उतना ही सार्थक सिद्ध होगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे योग दिवस को एक जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने में अपना योगदान दें ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। बैठक में आयुष विभाग नोडल अधिकारी ने योग दिवस के आयोजन प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयुष विभाग नोडल अधिकारी एएमओ डा. शिक्षा कुमारी, डा. शालू बंसल, एएफएसओ निर्मल कान्ता, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी धर्मवीर ललित, देवी लाल चंदौरा, तहसील कल्याण अधिकारी कंवल सिंह, हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश स्योकंद, मेडिकल अधिकारी डा. दीप सिंह, एम. ओ. डा. मुकेश, बीईई मोहन लाल, साहित्यकार डा. नैब सिंह मंडेर, प्रिसिंपल मोहित शर्मा,प्राचार्य तरुण गेरा, एबीआरसी कुलदीप सिंह, बी. एल. बतरा, सुपरवाइज़र मनीषा, मीशू, आयुष विभाग पूजा, दिनेश कुमार, अक्षय वर्मा, डा. कामना, , गुलशन जेई, प्रोफ. कृष्णलाल आदि मौजूद रहे।
उपमंडल स्तर पर योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर नायब तहसीलदार ने ली अधिकारियों की बैठक
