हरोली/ऊना, 24 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली द्वारा ग्राम पंचायत पोलियाँ बीत के गांव जननी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 70 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 23 निःशुल्क लैब जांचें की गईं। मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही योग शिविर का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बरसात के मौसम में बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने 80 वर्षीय धन कौर एवं 85 वर्षीय शीनो देवी, जो बिस्तर पर रहकर जीवन व्यतीत कर रही हैं, के घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। दोनों बुजुर्ग मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
शिविर के सफल आयोजन में आशा वर्करों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह, हेल्थ वर्कर मनीषा एवं विक्रांत सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा दूर-दराज़ क्षेत्रों और बिस्तर पर रह रहे मरीजों तक भी निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।