हरोली/ऊना, 2 जून (राजवीर चोपड़ा):- सांसद **अनुराग सिंह ठाकुर** के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसायटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली द्वारा सोमवार को ग्राम पोलियां बीत स्थित डेरा बाबा 108 मंगल दास जी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान कुल **101 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण** किया गया, जबकि **59 लैब टेस्ट** भी किए गए। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा टीम में **डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, मनीष और निहाल सिंह** ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम द्वारा गांव के उन मरीजों तक भी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई गईं, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बुजुर्गों, जरूरतमंदों तथा दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित हो रही है। उन्होंने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर एवं प्रयास सोसायटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेवा के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाकर बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
