हांसी:– राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में शुक्रवार को हांसी के नागरिक अस्पताल परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना ने स्वस्थ महिला सशक्त परिवार महिला क्लीनिक, टेली ईसीजी सेवा का शुभारंभ किया तथा अमृत फार्मेसी स्टोर की आधारशिला रखी। 
इस अवसर पर डीसी राहुल नरवाल, सीटीएम हिमांशु चौहान, तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान, एसएमओ डॉ. राहुल बुद्धि राजा, एसएमओ डॉ. राजीव डाबला, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, डॉ. मेघना, डॉ. कामिद मोगा, डॉ. सुरेंद्र सरोहा, डॉ. मोना दुआ, डॉ. मोनिका शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए गांव से लेकर शहर तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया “स्वस्थ महिला सशक्त परिवार महिला क्लीनिक” महिलाओं को एक ही स्थान पर परामर्श, जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की मजबूती का आधार होता है। इसी सोच के साथ सरकार महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर रही है ताकि उन्हें इलाज के लिए भटकना न पड़े और समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह क्लीनिक महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मातृ स्वास्थ्य को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने टेली ईसीजी सेवा के शुभारंभ को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक आधुनिक और महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस सेवा के माध्यम से हृदय रोग से संबंधित मरीजों की जांच अब तेजी से संभव हो सकेगी। दूरस्थ विशेषज्ञ चिकित्सकों से तुरंत रिपोर्ट एवं परामर्श प्राप्त होने से मरीजों को समय रहते उपचार मिल पाएगा, जिससे गंभीर परिस्थितियों में भी काफी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि अमृत फार्मेसी स्टोर शुरू होने से आमजन को बाजार दरों की तुलना में सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी। इससे गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें आवश्यक दवाइयों के लिए अधिक खर्च नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें और कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल में शुरू की गई नई सेवाएं आमजन के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
सीएमओ डॉ. राहुल बुद्धि राजा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला क्लीनिक एवं टेली ईसीजी सेवा शुरू होने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। 
विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित भी किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम पंचकूला  में आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य क्षेत्र की 9 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण नागरिकों को दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने बहुत ही उत्सुकता से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल नरवाल व सीटीएम हिमांशु चौहान ने अस्पताल परिसर में दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण भी किया तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इन योजनाओं को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।