होशियारपुर- शहरवासियों की पेयजल सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक ब्रह्मशंकर जिम्पा ने आज वार्ड नंबर 31 के मोहल्ला सेंट्रल टाउन में 29 लाख रुपए की लागत से बने ट्यूबवेल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय निवासियों व गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में इस ट्यूबवेल को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर विधायक जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार के नेतृत्व में होशियारपुर शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मियों में पानी की मांग बढ़ जाती है और ऐसे में नए ट्यूबवेल लगाने से क्षेत्र के लोगों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर वार्ड में लोगों को स्वच्छ व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो।
विधायक जिम्पा ने कहा कि सेंट्रल टाउन क्षेत्र के लोग लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे थे। अब इस ट्यूबवेल के शुरू होने से इस समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, डिप्टी मेयर रणजीत चौधरी, पार्षद मोनिका कतना, बलविंदर कतना, अमरजीत शर्मा, गुरदेव सैनी, मदन दत्त, बलराज सिंह चौहान, पार्षद दपन सैनी, पुनीत बधान और धर्मवीर बधान भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
विधायक जिम्पा ने मोहल्ला सेंट्रल टाउन में 29 लाख रुपए की लागत से बने ट्यूबवेल का किया उद्घाटन
