होशियारपुर:- चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. ईशांक चब्बेवाल की ओर से सरकारी कॉलेज, होशियारपुर में युवा विद्यार्थियों के साथ विशेष लाइव यूथ इंटरैक्शन कार्यक्रम ‘यू स्पीक, आई लिसन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनके विचारों, सुझावों और विभिन्न मुद्दों को सुनना तथा उन्हें अपनी बात खुलकर रखने के लिए एक मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए उनके सवालों के सीधे जवाब दिए। उन्होंने विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना और जायज मामलों को संबंधित स्तर पर उठाकर समाधान के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया। संवाद के दौरान शिक्षा, सामाजिक मुद्दों, शहरी बुनियादी ढांचे, सरकारी सेवाओं और परिवहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।
विद्यार्थिनी निहारिका ने नशे की समस्या और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाते हुए इन क्षेत्रों में अधिक प्रभावी तथा जमीनी स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। वहीं संध्या शर्मा ने बदलते तकनीकी दौर को ध्यान में रखते हुए कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े पाठ्यक्रमों तथा डिजिटल स्किल्स को अधिक व्यापक स्तर पर शामिल करने का सुझाव दिया।
इसी तरह गगनप्रीत कौर ने होशियारपुर शहर में ड्रेनेज की समस्या की ओर ध्यान दिलाया। जैस्मिन ने सरकारी विभागों के कर्मचारियों को आम लोगों के प्रति अधिक संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार के लिए प्रशिक्षण दिए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने विशेष रूप से सिविल अस्पताल सहित सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े विभागों में मरीजों और आम लोगों के साथ संवेदनशीलता तथा सहयोग की भावना से पेश आने की आवश्यकता पर जोर दिया।
चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गांव शेरपुर से संजीव ने विधायक डॉ. ईशांक चब्बेवाल की ओर से गांव में लंबे समय से लंबित कई विकास कार्यों को पूरा करवाए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने व्यस्त सुबह के समय बस सेवाओं और रूटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता भी उठाई, ताकि विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने युवाओं द्वारा रखे गए सवालों और सुझावों का सीधे तौर पर जवाब दिया। कई मुद्दों पर उन्होंने मौके पर ही अपनी जानकारी और पक्ष साझा किया, जबकि अन्य जायज मामलों को संबंधित प्रशासनिक स्तर पर विचार कर समाधान करवाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान बेहतर और रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने वाले पांच प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने कहा कि युवाओं के पास नई सोच, नए विचार और समाज को अलग दृष्टिकोण से देखने की क्षमता होती है। ऐसे संवादों के माध्यम से उनके विचारों को सुनना और समझना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपने भविष्य, शिक्षा, रोजगार और समाज से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक है तथा उसके पास कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझाव हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और सरकार का हिस्सा होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम युवाओं की बात सुनें, उनके मुद्दों को गंभीरता से लें और जहां संभव हो, उनके समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ सीधा संवाद उन्हें केवल अपनी समस्याएं रखने का अवसर नहीं देता, बल्कि उनके विचारों और सुझावों को समझने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने भी इस इंटरैक्शन को एक अलग और सकारात्मक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर युवाओं को किसी जनप्रतिनिधि के सामने सीधे अपने सवाल और सुझाव रखने का अवसर नहीं मिलता, लेकिन इस कार्यक्रम में वे बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सके। विद्यार्थियों ने डॉ. ईशांक चब्बेवाल के खुले और सहज अंदाज की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. ईशांक ने हर सवाल को गंभीरता से सुना और बातचीत को एक औपचारिक कार्यक्रम की बजाय सीधे और स्वाभाविक संवाद के रूप में आगे बढ़ाया।
डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने कहा कि इस तरह के सीधे संवाद युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवाओं की अपेक्षाओं और प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है और युवाओं को भी अपने विचारों के माध्यम से समाज तथा सार्वजनिक व्यवस्था में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सुनना, उनके विचारों को महत्व देना और उनकी जायज समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर उनकी टीम के सदस्य डॉ. पंकज शिव और डॉ. पाल अत्तोवाल भी उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. ईशांक चब्बेवाल ने सरकारी कॉलेज होशियारपुर की प्रिंसिपल डॉ. सविता गुप्ता, समस्त स्टाफ सदस्यों, प्रबंधन समिति तथा कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ की ओर से कश्मीर सिंह, संजना सग्गी , नवदीप कौर, हरजिंदर सिंह, हरजिंदर पाल, प्रिया कौशल, कुलविंदर कौर, पूनम सलहोत्रा
निर्मल सिंह आदि उपस्थित रहे। फाइन आर्ट प्रोफेसर  जसपाल सिंह तथा युवा छात्रा अर्शिया ने कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।