हिसार:- साधकों को ध्यान विधियों से रूबरू करवाने और खुशहाल जीवन व्यतीत करने के उपायों से साक्षात्कार करवाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को ओशो ध्यान उपवन में एक दिवसीय मेडिटेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक जारी रहेगा। इस मेडिटेशन कैंप में विभिन्न सत्र रहेंगे और हिसार से बाहर से आने वाले साधकों के भोजन व आवास की समुचित व्यवस्था ओशो ध्यान उपवन में रहेगी। इस दौरान महिला दिवस भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
मेडिटेशन कैंप के आयोजक स्वामी संजय व मां सांची ने बताया कि इंसान विभिन्न झंझावातों में उलझा रहता है और इस उलझन में वह तनाव व अवसाद से ग्रस्त होता जाता है। इसलिए खुशहाल व आनंदमय जीवन व्यतीत करने के लिए ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सिरसा रोड स्थित ओशो ध्यान उपवन में 8 मार्च को आयोजित होने वाले मेडिटेशन कैंप में विभिन्न क्षेत्रों से साधक हिस्सा लेंगे। सभी साधकों को ध्यान की सरल विधियां समझाकर उनका अभ्यास करवाया जाएगा। इसके साथ ही साधकों को थिरकने व नृत्य करने का भी अवसर मिलेगा।
स्वामी संजय ने बताया कि सतगुरु ओशो ने साधकों को ध्यान की बहुत सी विधियों की जानकारी प्रदान करके ध्यान को अपनाने का आह्वान किया। मेडिटेशन कैंप में साधकों को ओशो के संचित प्रवचन सुनने का भी अवसर मिलेगा। स्वामी संजय ने बताया कि ओशो कहते हैं कि यह पूछने की कोई आवश्यकता नहीं है कि ध्यान कैसे करें, बस पूछें कि कैसे स्वयं को खाली रखें। ध्यान सहज घटता है। बस पूछो कि कैसे खाली रहना है, बस इतना ही। यह ध्यान की कुल तरकीब है, कैसे खाली रहना है। तब आप कुछ भी नहीं करेंगे तो ध्यान का फूल अपने आप खिलने लगेगा।
स्वामी संजय ने बताया कि ओशो की महिलाओं को लेकर जो जीवन दृष्टि है उसे भी 8 मार्च को महिला दिवस पर साझा किया जाएगा।
ओशो ध्यान उपवन में 8 मार्च को आयोजित होगा मेडिटेशन कैंप अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया जाएगा
