करनाल, 28 अगस्त:- करनाल मानव सेवा संघ के पवित्र प्रांगण में अर्पणा ट्रस्ट मधुबन के अनुभवी डॉक्टरों द्वारा सभी रोगों के इलाज के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इसमें अर्पणा ट्रस्ट मधुबन के विभिन्न विभागों जैसे हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन तथा नेत्र विशेषज्ञ सभी प्रकार के रोगियों की निशुल्क जांच की तथा मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गई। इस अवसर पर लगभग 45 मरीजों की जांच की गई तथा मुफ्त दवाइयां वितरित की गई। नेत्र चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों ने 5 व्यक्तियों जांच उपरांत मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाया तथा उन्हें उपचार हेतु मुफ्त लेंस लगाए जाने के लिए अर्पणा ट्रस्ट मधुबन ले जाया गया। 
जहां पर उनका नि:शुल्क आंखों का ऑपरेशन किया जाएगा और मुफ्त लेंस डालकर वापिस उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर स्वामी प्रेममूर्ति ने सभी डॉक्टरों की टीम तथा उपचार हेतु आए रोगियों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर डॉ. भगत राम खण्डवाल एडवोकेट, दुलीचंद शर्मा, महेंद्र सिंह नरवाल, वीरभान सोलंकी, डॉ. प्रिंयाशी अग्रवाल, नताशा, रमेश, बलविन्द्र, सुमेर सिंह तथा अन्य महानुभाव मौजूद रहे। 
इस अवसर पर मानव सेवा संघ के उपप्रधान डॉ. भगत राम खण्डवाल एडवोकेट ने बताया कि अर्पणा ट्रस्ट के अनुभवी डॉक्टरों द्वारा करनाल मानव सेवा संघ में हर प्रकार के रोगों की मुफ्त जांच एवं उपचार हेतु हर माह की 23 तारीख को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाता है। अगला चिकित्सा शिविर 23 सितंबर को लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 6 सितंबर को करनाल मानव सेवा संघ में जरूरतमंद कन्याओं का विवाह समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। 20 सितंबर को नारायण सेवा संस्थान के सौजन्य से दिव्यांग व्यक्तियों को कृत्रिम अंग लगाने हेतु कैंप मानव सेवा संघ में लगाया जाएगा। 
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति मुफ्त चिकित्सा का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंद परिवारों को अपने बच्चों के विवाह के लिए करनाल मानव सेवा संघ में रजिस्ट्रेशन शीघ्र अति शीघ्र करवा लें तथा सामूहिक विवाह के आयोजन में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। जिसका भक्तजन लाभ उठा रहे है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी कथा में शामिल होकर राम-नाम के सिमरन से जुड़े और धर्म लाभ उठाएं।  इसके अलावा 4 अक्तूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। ज्ञातव्य है कि मानव सेवा संघ द्वारा प्रतिदिन भोजन प्रसाद भंडारा चलाया जा रहा है।  
डॉ. भगत राम खण्डवाल एडवोकेट ने बताया कि 23, 24 25 अक्तूबर को करनाल मानव सेवा संघ का वार्षिक उत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जिसमें देश के कौने-कौने से साधक गण धर्म लाभ व विचार विमर्श के लिए उपस्थित होते है तथा मानव सेवा संघ की सेवाओं का किस तरह से विस्तार किया जाए और कैसे बेहतर बनाया जाएं। इस पर चर्चा करते है।