फतेहाबाद, 1जून:- समाज को नशामुक्त करने के महाअभियान में जुटे महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट व नशामुक्ति सेना के संस्थापक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भवानी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 134वां एपिसोड अपने पूरे परिवार के साथ घर पर रहकर सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के विशेष आह्वान की सराहना करते हुए समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। भवानी सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार मन की बात में देशवासियों से एक विशेष आग्रह किया है। पीएम मोदी ने आह्वान किया है कि देश हित के लिए हर नागरिक को किसी न किसी सामाजिक सेवा के कार्य को चुनना चाहिए और उसे सेवा के रूप में देश को समर्पित करना चाहिए।
भवानी सिंह ने प्रधानमंत्री के इस संदेश का स्वागत करते हुए कहा मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बताए मार्ग पर हम और हमारी पूरी नशामुक्ति सेना की टीम पहले से ही अग्रसर है। हम समाज सेवा के इस पवित्र कार्य में 100 प्रतिशत ईमानदारी और निष्ठा के साथ लगे हुए हैं।
भवानी सिंह ने महाअभियान की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि आज नशा समाज के लिए सबसे बड़ा अभिशाप बन चुका है। युवा पीढ़ी को इस दलदल से निकालना ही देश की सच्ची सेवा है। उन्होंने दृढ़ संकल्प जताते हुए कहा कि हमारा और हमारी टीम का केवल एक ही मुख्य लक्ष्य है, हमें अपने फतेहाबाद और हरियाणा के साथ-साथ पूरे भारतवर्ष को नशा मुक्त बनाना है। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी शब्दों से हमारी टीम को एक नई ऊर्जा मिली है और हम इस महाअभियान को गांव-गांव, घर-घर तक लेकर जाएंगे।
भवानी सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का सपना केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए हर माता-पिता, अध्यापक और जागरूक नागरिक को आगे आना होगा। जब तक हमारा समाज आंतरिक रूप से मजबूत और स्वस्थ नहीं होगा, तब तक हम विकसित भारत की कल्पना नहीं कर सकते। आइए, पीएम मोदी के इस आह्वान को जन-आंदोलन बनाएं और अपने आसपास के माहौल को नशामुक्त करने का प्रण लें।
पीएम मोदी के आह्वान को जनआंदोलन बनाएं और अपने आसपास के माहौल को नशामुक्त करने का प्रण लें भवानी सिंह
