लुधियाना- 19 जून 2025 को लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन (आईएएस) ने वरिष्ठ पत्रकार संजीव कुमार से विशेष बातचीत के दौरान दी।
डीसी जैन ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इनके तहत लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को "ड्राई एरिया" घोषित किया गया है, यानी मतदान पूरा होने तक शराब की बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार का समय समाप्त हो चुका है और चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जो भी राजनीतिक कार्यकर्ता या नेता लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का निवासी नहीं है, उसे तुरंत विधानसभा क्षेत्र छोड़ने का आदेश दिया गया है।
उनके अनुसार 23 जून को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने जिलावासियों को आश्वस्त किया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुचारू होगी तथा इसके लिए सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए गए हैं।
Ludhiana West By-election: District Administration Fully Prepared – DC Himanshu Jain
