हरोली/ऊना, 24 जून (राजवीर चोपड़ा):-  नगर पंचायत कार्यालय टाहलीवाल के समीप स्थित नई राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नंगल क्लां (टाहलीवाल) अरोग्य आयुष मंदिर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर लोगों में नाराजगी है। 
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2023 में भवन की एक दीवार गिर गई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार इस भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया गया था। 
संबंधित विभाग को भवन की समस्याओं के बारे में लिखित रूप से अवगत करवाया जा चुका है। इसके अलावा नगर पंचायत टाहलीवाल के सचिव तथा राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नंगल क्लां (टाहलीवाल) अरोग्य आयुष मंदिर के अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर रैंप की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण बुजुर्ग एवं दिव्यांग मरीजों को केंद्र तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार असुविधा के चलते बुजुर्गों के फिसलने और गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
लोगों का कहना है कि केंद्र में पंचकर्मा उपचार की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक अलग कमरे की भी आवश्यकता है, ताकि मरीजों को उचित उपचार मिल सके। 
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि भवन की मरम्मत, रैंप निर्माण तथा पंचकर्मा कक्ष की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।