पटियाला, 10 जनवरी- नगर निगम पटियाला के पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद आज कुंदन गोगिया को नगर निगम का नया मेयर चुना गया, जबकि हरिंदर कोहली सीनियर डिप्टी मेयर और जगदीप सिंह राय डिप्टी मेयर चुने गए। यह पूरी चुनाव प्रक्रिया सर्वसम्मति से पूरी हुई। इसके बाद मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर ने कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल और विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की मौजूदगी में अपना पदभार ग्रहण किया। 
इस मौके पर पीआरटीसी के चेयरमैन रणजोध सिंह हडाना और पंजाब वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी आहलूवालिया भी मौजूद थे। इससे पहले नगर निगम के साहिर लुधियानवी हॉल में पंजाब नगर निगम अधिनियम, 1976 की धारा 35 के तहत नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के लिए अधिनियम की धारा 56 के तहत पहली बैठक बुलाई गई थी। इस अवसर पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और सनौर विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा भी नगर निगम सदन के पदेन सदस्य के रूप में उपस्थित थे। पटियाला मंडल के मंडल आयुक्त दलजीत सिंह मांगट ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया और पार्षदों ने अपनी सीटों पर खड़े होकर ईश्वर के नाम पर भारत के संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। 
दलजीत सिंह मांगट ने वार्ड नंबर 14 से पार्षद गुरकृपाल सिंह को पंजाब नगर निगम अधिनियम, 1976 की धारा 38 के तहत मेयर और अन्य पदाधिकारियों के चुनाव के लिए बैठक की अध्यक्षता करने के लिए अधिनियम की धारा 60 (ए) के तहत पीठासीन अधिकारी के रूप में नामित किया। इसके बाद गुरकृपाल सिंह ने कार्यवाही का संचालन करते हुए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए सदन से प्रस्ताव मांगा। इसके बाद वार्ड नंबर 34 के पार्षद तेजिंदर मेहता ने वार्ड नंबर 30 से चुने गए पार्षद कुंदन गोगिया के नाम का प्रस्ताव रखा। कुंदन गोगिया के नाम का समर्थन वार्ड नंबर 29 से पार्षद मुक्ता गुप्ता ने किया और सभी उपस्थित पार्षदों ने कुंदन गोगिया के नाम पर अपनी सर्वसम्मति दिखाई और कुंदन गोगिया मेयर चुने गए। 
सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर 6 से पार्षद जसबीर सिंह ने वार्ड नंबर 28 से पार्षद हरिंदर कोहली के नाम का प्रस्ताव रखा तथा वार्ड नंबर 18 से पार्षद ज्ञान चंद ने इसका समर्थन किया। इसी तरह डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर 12 से पार्षद जगदीप सिंह राय के नाम का प्रस्ताव वार्ड नंबर 8 से पार्षद शंकर लाल ने रखा तथा वार्ड नंबर 38 से पार्षद हरपाल जुनेजा ने इसका समर्थन किया। इसी तरह हरिंदर कोहली तथा जगदीप सिंह राय का चुनाव भी सभी पार्षदों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से किया। 
आज मेयर तथा अन्य पदाधिकारियों के चुनाव के अवसर पर नगर निगम मेयर डॉ. रजत ओबराय, एडीसी (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त बबनदीप सिंह तथा दीपजोत कौर भी मौजूद थे।