होशियारपुर- पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करवाने के लिए खुला दरबार लगाया। लोगों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं के साथ साथ बरसाती पानी की निकासी न होना भी एक आम सार्वजनिक मुद्दा था।
लोगों ने खन्ना को बताया कि राज्य के विभिन्न शहरों, खासकर होशियारपुर में बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण बरसात के मौसम में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। 
बरसात के मौसम में न केवल सड़कें पोखरों में तब्दील हो जाती हैं, बल्कि लोगों के घरों में भी पानी घुस जाता है, जिससे उन्हें भारी नुकसान होता है। पंजाब के अधिकांश क्षेत्र बाढ़ प्रभावित हैं, जहां लोगों की जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं है।
खन्ना ने कहा कि पंजाब ड्रेनेज विभाग की लापरवाही और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पंजाब सरकार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध न किए जाने के कारण पंजाब सरकार को लोगों को हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए और राज्य के लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने चाहिए।
 इस अवसर पर खन्ना ने लोगों से किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपातकालीन स्थिति में एक दूसरे का साथ देने की अपील की। इस अवसर पर खन्ना के साथ गोपी चंद कपूर और एस.पी. दीवान भी मौजूद थे।