चंडीगढ़, 3 जुलाई- भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पंजाब में अघोषित आपातकाल लगाया जा रहा है।
आज मोहाली में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल व अन्य वरिष्ठ अकाली नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चुघ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के इशारे पर पंजाब में दमनकारी कानूनों का इस्तेमाल किया जा रहा है तथा विपक्ष को धरना-प्रदर्शन व शांतिपूर्ण प्रदर्शन जैसे लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
चुघ ने कहा कि अब राज्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं होने दिए जा रहे हैं, जिससे पता चलता है कि केजरीवाल से प्रेरित पंजाब सरकार कितनी दमनकारी हो गई है। उन्होंने कहा कि आप नेताओं ने पहले पंजाब विधानसभा में विपक्ष को खुलेआम धमकाया था तथा अब लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेताओं को भी हिरासत में लेना शुरू कर दिया है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
चुघ ने यह भी कहा कि इससे पहले भी आप नेताओं ने विधानसभा में विपक्षी नेताओं खासकर बिक्रम मजीठिया को हम संभाल लेंगे जैसी धमकियां दी थीं, जो आम आदमी पार्टी में व्याप्त अलोकतांत्रिक और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। चुघ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अब तानाशाह इंदिरा गांधी की प्रतिकृति बन गए हैं, जिन्होंने पंजाब को जेल में बदल दिया है, जहां नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार राज्य में सक्रिय माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय हर मोर्चे पर अपनी विफलता से जनता का ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है।
विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पंजाब में अघोषित आपातकाल लगा रहे केजरीवाल-मान: चुघ
