करनाल 16 जनवरी:  इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप राम कुमार कश्यप तथा महापौर रेनू बाला गुप्ता ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से वार्ड 1 के गांव कैलाश में मौजूदा पुरानी व खराब पानी की पाईप लाईन बदलने तथा तालाब के सौंदर्यकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। दोनो कार्यों पर करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत आएगी। इस मौके पर वार्ड पार्षद सुदेश रानी एवं पार्षद प्रतिनिधि सुभाष कोच भी मौजूद रहे।
                शुभारंभ अवसर पर विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि पानी की पाईप लाईन बदलने से गांव वासियों को स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति होगी। दूसरी ओर गांव में मौजूद तालाब के सौंदर्यकरण कार्य से गांव की सुंदरता बढ़ेगी और यहां के निवासियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं लगातार मुहैया करवाई जा रही हैं। शहर हो या गांव करोड़ों रुपयों की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।  
                इस अवसर पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने विकास कार्यों की जानकारी देते बताया कि गांव कैलाश की मौजूदा पुरानी व खराब पेयजल पाईप लाईन को बदला जाएगा। इस कार्य पर करीब 1 करोड़ 24 लाख 46 हजार रुपये खर्च होंगे। यह कार्य 1 वर्ष में पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गांव में मौजूद तालाब का सौंदर्यकरण कार्य करवाया जाएगा। इस कार्य पर करीब 30 लाख 58 हजार रुपये की लागत आएगी। यह कार्य 2 महीनों में पूरा किया जाएगा।
               उन्होंने विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर गांव वासियों को बधाई देते कहा कि तालाब के सौंदर्यकरण कार्य से गांव की साफ-सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था और हरियाली को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त पेयजल लाईन बदलने से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों कार्यों से गांव वासियों की मांग पूरी हो रही है।
               उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य पारदर्शी तरीके से हो, इसके लिए परियोजना स्थल पर बोर्ड प्रदर्शित किया जाता है, जिस पर कार्य से सम्बंधित ब्यौरा दर्ज होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते कहा कि कार्य बेहतर तरीके से हो, इसलिए वह भी कार्य पर अपनी निगरानी बनाकर रखें। अगर कहीं खामी दिखाई दे, तो उसकी सूचना सम्बंधित इंजीनियरों व पार्षद से कर सकते हैं, ताकि उसे समय रहते ही दुरूस्त करवाया जा सके।