हिसार:– जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के हिसार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं जिला प्रवक्ता रवि आहूजा ने शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में हत्या, गोलीकांड और व्यापारियों से फिरौती जैसी घटनाओं के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आमजन और व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है।
रवि आहूजा ने कहा कि हाल ही में सूर्य नगर गली नंबर-6 में एक डेयरी संचालक की सरेआम हत्या, मॉडल टाउन में 12 वर्षीय बच्ची, एक महिला और एक युवक पर हुई फायरिंग तथा प्रॉपर्टी डीलर सतीश जांगड़ा और क्लॉथ मार्केट के व्यापारी अमन शॉल फर्म के मालिक से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने जैसे मामलों में अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की ब्यूरोक्रेसी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही रंगदारी और आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। अपराधियों के मन में पुलिस और सरकार का कोई भय दिखाई नहीं देता, जबकि भाजपा सरकार और हिसार की विधायक भी बढ़ते अपराधों पर मौन हैं। यह स्थिति कानून व्यवस्था के पूरी तरह चरमराने का संकेत है।
जेजेपी नेता ने कहा कि प्रदेश में हत्या, फिरौती और लूटपाट जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
रवि आहूजा ने सरकार से सभी मामलों में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जननायक जनता पार्टी आम जनता के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।