हिसार:–जेसीआई हांसी के साप्ताहिक कार्यक्रम की शुरुआत आज गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी में हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नशा मुक्ति और पॉलिथीन मुक्त समाज के महत्व से अवगत कराना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 1200 विद्यार्थियों ने भाग लिया और नशा व पॉलिथीन मुक्ति की शपथ ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेसीआई हांसी के प्रधान सर्वेश सैनी ने कहा कि “नशा युवा पीढ़ी की जड़ों को खोखला कर देता है। यदि विद्यार्थी जीवन में दृढ़ संकल्प और आत्मअनुशासन अपनाएं तो वे देश का भविष्य संवार सकते हैं। हमें नशा मुक्त समाज की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे।”इस मौके पर अंग्रेज सैनी ने कहा कि “पॉलिथीन हमारे पर्यावरण की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। हाल ही में बरसात के दौरान प्लास्टिक कचरे और थैलियों की वजह से सीवेज ब्लॉक की गंभीर समस्या सामने आई। यदि हर नागरिक आज से पॉलिथीन का बहिष्कार कर ले, तो कल हमारे शहर और गांव स्वच्छ और सुरक्षित रहेंगे।”वहीं अशोक रोहिला ने कहा कि “नशा और पॉलिथीन दोनों ही समाज के लिए अभिशाप हैं। युवा वर्ग को इस अभियान में जागरूकता फैलानी होगी ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ वातावरण में जीवन जी सके।”
विद्यालय के प्राचार्य राजेश भढ़ाना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षा का असली उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि जीवन में
सकारात्मक आदतें और संस्कार अपनाना है। नशा मुक्ति और पॉलिथीन मुक्त समाज की ओर उठाए गए ये कदम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वच्छ पर्यावरण की नींव रखेंगे।”
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों ने मिलकर संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में नशे और पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।