हांसी:- विधायक विनोद भयाना ने कहा कि प्राकृतिक विपदा कि इस घड़ी में विपक्ष को राजनीति न करके लोगों को इस विपदा से बाहर निकालने के लिए  सरकार का पूरा सहयोग करना चाहिए। विधायक विनोद भयाना सोमवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 
उन्होंने कहा कि विपक्ष का अपना दायित्व होता है उन्हें निभाना चाहिए, लेकिन ऐसी प्राकृतिक आपदा के समय में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेवा एवं सहयोग करने के लिए आगे आना  चाहिए। लेकिन विपक्षी इस जन सेवा की अवधारणा से बिल्कुल उल्ट काम कर रहा है। एक तरफ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लोगों के दर-दर और खेत खेत जाकर उनसे मिल रहे हैं और हर समस्या का समाधान करने में जुटे हैं। 
लेकिन विपक्ष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इन दौरों को गुप्त करार देकर हास्य पद आरोप लगा रहे हैं। जब मुख्यमंत्री दौरे पर निकलते हैं और कहीं भी जायजा लेते हैं तो इस दौरान सैकड़ो लोग वहां मौजूद रहते हैं और मुख्यमंत्री उन सभी लोगों की समस्याओं को बड़ी गौर से सुनते हैं और अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश देते हैं, तो कैसे मुख्यमंत्री के इन दौरों को गुप्त कहा जा सकता है।

सांसद जयप्रकाश को सांसद निधि के मिलते है 5 करोड रुपए, लेकिन नहीं लगवाया कोई भी पंपसेट:
विधायक ने कहा कि सांसद जयप्रकाश भी दौरा करने आए थे,लेकिन वह अनाप-शनाप बयान बाजी करके चले गए। उन्हें सरकार द्वारा सांसद निधि के 5 करोड रुपए की राशि दी गई है, क्या उन्होंने कोई जल निकासी के लिए पंप सेट लगवाया, क्या किसी जल प्रभावित परिवार की सहायता के लिए धनराशि देने की बात कही। ऐसी प्राकृतिक विकट परिस्थितियों में सभी को मिलकर जनता की भलाई के लिए काम करना चाहिए।

जल भराव के कारण हुए नुकसान का विवरण पोर्टल पर करें दर्ज : 
विधायक ने कहा कि जल भराव के कारण हुए फसलीय तथा आवासीय नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार द्वारा मुआवजा धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो नुकसान हुआ है उसका विवरण ई क्षति पूर्ति पोर्टल पर 15 सितंबर 2025 तक दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज आवेदनों का सर्वे करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सारा कार्य जल्द पूर्ण किया जाएगा ताकि लोगों को मुआवजा राशि जल्द से जल्द उपलब्ध करवाई जा सके।

टूटी सड़कों को  करवाएंगे दुरुस्त: 
विधायक ने कहा कि जल भराव के कारण विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे ही बरसाती सीजन खत्म होता है उसके तुरंत बाद सड़कों को ठीक करवाने का कार्य शुरू करवाया जाएगा ताकि लोगों को कोई परेशानी नहीं हो।

शहरी क्षेत्र के 80% हिस्से से हो चुकी जल निकासी : 
विधायक ने कहा कि विगत पिछले दिनों अगस्त में  हुई भारी बरसात के कारण लगभग पूरा शहर जल मग्न हो गया था और हलके के अनेक गांव में भी बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्राकृतिक विकट परिस्थितियों में प्रशासन ने दिन रात पूरी मुस्तैदी से काम किया। इसके लिए उन्होंने प्रशासन तथा आम जन के सहयोग की सराहना भी की।
 उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किए गए  शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के दौरे के लिए उनका धन्यवाद किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी विकट परिस्थितियों के बीच विधायक विनोद भयाना लगातार आपकी सेवा में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने विधायक की इस कार्य प्रणाली की जमकर सराहना की थी।

जल भराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग करने का काम शुरू: 
विधायक ने कहा कि  भारी बारिश के कारण इस वर्ष हलके के अनेक ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में काफी जल भराव हुआ है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। उन्होंने कहा कि हल्के में फॉगिंग करने का कार्य शुरू करवा दिया गया है ताकि मच्छर जनित बीमारियां उत्पन्न न हो। जल भराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाएगी। 
उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सिवरेजो की सफाई करवाई गई थी। अब सफाई का कार्य बकेट मशीन की बजाय सुपर शकर मशीन द्वारा करवाई जाती है। इस अवसर पर भाजपा नेता राजपाल यादव, साहिल भयाना, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष यादव,भाजपा मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना,अटल मंडल प्रधान श्याम खाण्डा, कुलबीर अहलावत ,विजय सरपंच इत्यादि गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।