होशियारपुर- जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजिंदर अग्रवाल के नेतृत्व में जिला स्तर के साथ-साथ सब-डिवीजनों (दसूहा, मुकेरियां व गढ़शंकर) में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुरेश कुमार गोयल ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि योग एक मानसिक, शारीरिक व आध्यात्मिक अनुशासन है, जिसकी उत्पत्ति भारत में हुई है। यह हमारे जीवन में संतुलन बनाए रखने का एक साधन है। उन्होंने कहा कि हमें योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए तथा प्लास्टिक का उपयोग न करके पर्यावरण की रक्षा भी करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक जितिन शर्मा ने योगाभ्यास करवाया। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों को प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, ध्यान व संकल्प योग आसनों का अभ्यास करवाया तथा बताया कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है तथा शरीर स्वस्थ रहता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित कुमार गर्ग, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजपाल रावल, वरिष्ठ न्यायाधीश (जूनियर डिवीजन) जसविंदर पाल के अलावा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीएस घुम्मन, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसल विशाल कुमार नंदा, पैनल अधिवक्ता, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के अधिकारी, कर्मचारी, न्यायिक स्टाफ व ड्यूटी पर तैनात वकील मौजूद थे।
इसके साथ ही दसूहा, मुकेरियां व गढ़शंकर में ड्यूटी पर तैनात जजों, स्टाफ व वकीलों द्वारा योग दिवस मनाया गया तथा स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान जजों ने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधे भी वितरित किए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने न्यायालय परिसर में मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
