करनाल, 1 जुलाई:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लगभग 222.07 करोड़ की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवरों के लोकार्पण कार्यक्रम में हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष अशोक कुमार सिरसी ने पुंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने इस पहल को प्रदेश में जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
अध्यक्ष अशोक कुमार सिरसी ने कहा कि हरियाणा सरकार जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनहित के कार्य कर रही है। अमृत सरोवर योजना प्रदेश में जल संकट से निपटने के साथ-साथ भूजल स्तर को बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है। इन 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसका लाभ आने वाली पीढिय़ों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों के निर्माण से वर्षा जल का संरक्षण होगा, भूजल स्तर में सुधार आएगा, किसानों को सिंचाई में सहायता मिलेगी तथा गांवों का पर्यावरण और अधिक स्वच्छ एवं हरित बनेगा। इससे पशुपालकों को भी दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत सरोवर अभियान देश में जल संरक्षण की सोच को मजबूत करने वाला एक दूरदर्शी अभियान है। हरियाणा सरकार ने इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए प्रदेश में जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जल है तो कल है। हम सभी का दायित्व है कि अमृत सरोवरों की स्वच्छता और संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनभागीदारी से ही जल संरक्षण का यह अभियान सफल होगा और हरियाणा हरित एवं समृद्ध बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष अशोक कुमार सिरसी, पुंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा के साथ उपस्थित रहे और जल संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण की योजनाएं इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ती रहेंगी तथा हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।