हिसार:–15 जून को होने वाले पंचायत उपचुनाव के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाए रखने व निष्पक्ष, शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन व उप मण्डल अधिकारी (ना) हांसी राजेश कोथ ने आज हांसी उपमंडल के गांव कंवारी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों, प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
 पुलिस अधीक्षक हांसी ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निरंतर गश्त जारी रखें, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने नहीं दिया जाएगा और जिला पुलिस निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए अपील की कि वे शांति, सौहार्द व भाईचारे के साथ मतदान करें और किसी भी अफवाह या भड़काऊ बयानबाज़ी से बचें। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को बिना डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाने या साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में साइबर सेल और संबंधित थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई है, जो सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर सतत निगरानी कर रही है।
इसके अलावा उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी भ्रामक या उत्तेजक पोस्ट को शेयर करने से बचें और संदिग्ध पोस्ट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट व अन्य सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर डीएसपी सिदार्थ, थाना प्रभारी, बीडीपीओ अशोक व संबंधित पुलिस बल भी साथ मौजूद रहा।