हरियाणा/हिसार: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सांसद कुमारी सैलजा ने स्वर्गीय चौधरी दलबीर सिंह की स्मृति में क्षेत्र के छह गांवों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध करवाए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी दलबीर सिंह जन-जन के प्रिय नेता थे और उन्होंने हमेशा समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से आमजन जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक जनता के हितों की लड़ाई लड़ने का कार्य करती है और आगे भी करती रहेगी।
राहुल गांधी की सद्भाव यात्रा के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी यात्रा में शामिल हुए तो वह केवल सद्भाव यात्रा नहीं रही, बल्कि कांग्रेस की आधिकारिक जनसंपर्क यात्रा बन गई। राहुल गांधी लगातार जनता की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं और देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है। जनता कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है और पार्टी जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष कर रही है।
जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
नगरपालिका अध्यक्ष रीमा के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनका सहयोग करना चाहिए ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सके और आमजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों।
इस अवसर पर चंद्रहर्ष, करण सिंह नैन, रीमा, सोनी बाला देवी, चांदीराम सेलवाल, वीरेंद्र सेलवाल, ईश्वर सरपंच, राजेश भुटानी, हरपाल सेलवाल, विनोद मित्तल, डॉ. जय भगवान राजलीवाल, सुरेश गर्ग, अनिल सरपंच, अनिल नैन, सुरेंद्र सेलवाल, पंकज बिठमड़ा, नरेश पातड़, गीता सिहाग, टेकचंद नैन, रामफल शर्मा, सुभाष फरीदपुरिया, दीपक सेलवाल, भगत सिंह खोवाल, सागवान बेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।