हरोली/ऊना, 23 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव व पंचायत घल्लूवाल में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम द्वारा एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन व प्रयासों से तथा पूर्व उपप्रधान अनिल जसवाल के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया, जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिल सका।
शिविर में ग्रामीणों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान कुल 75 मरीजों की ओपीडी की गई, जबकि 33 विभिन्न प्रकार के टेस्ट भी किए गए, जिससे लोगों को समय पर अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिल सकी।
स्वास्थ्य टीम ने मौके पर ही मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देश दिए। इस शिविर में डॉ. प्रदीप के नेतृत्व में टीम ने सेवाएं प्रदान कीं, जबकि रुचि, मनीष और निहाल ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
शिविर में पहुंचे ज्योति प्रकाश ने सांसद अनुराग ठाकुर और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।